जहर देकर चीतल को मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Advertisements

जहर देकर चीतल को मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सरही परिक्षेत्र के कोर वन क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई

  • गश्ती के दौरान पकड़ा गया मुख्य आरोपी
  • मांस, खाल और जहर की पुडिय़ा बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही परिक्षेत्र अंतर्गत प्रतिबंधित कोर वन क्षेत्र में जहर देकर चीतल का शिकार करने का मामला सामने आया है। वन विभाग की मुस्तैदी से त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल मंडला भेज दिया गया है।

जानकारी अनुसार भिलवानी वृत्त के खटोला बीट स्थित कोयलाभट्टा कोर वन क्षेत्र में गश्त के दौरान वन अमले को एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पूछताछ और तलाशी के दौरान कोंदासिंह 37 वर्ष पिता बीरसिंह परते, निवासी वनग्राम अजयनगर के कब्जे से लगभग 2 किलोग्राम वन्यप्राणी का भूना हुआ मांस बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी बारेलाल 57 वर्ष पिता बिरझू धुर्वे के साथ मिलकर जहर के माध्यम से चीतल का शिकार करने की बात कबूल की।

घटनास्थल से खाल, पैर और जहर बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर विवेचना के दौरान जामुनटोला बीट के कक्ष क्रमांक 675 (66) स्थित घटनास्थल से चीतल का बाल सहित चमड़ा, खुर सहित तीन पैर, दांत सहित जबड़े के दो टुकड़े और शिकार में प्रयुक्त जहर की बची हुई पुडिय़ा भी बरामद कर जप्त कर ली गई है।

वन अधिनियम के तहत कार्रवाई 

वन विभाग द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पार्क प्रबंधन और वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार की रोकथाम के लिए लगातार सतत गश्ती और निगरानी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


 

Leave a Comment