कैबिनेट मंत्री और सांसद ने कांग्रेस पर फैलाए जा रहे भ्रम को नकारा
एसआईआर प्रक्रिया को बताया पारदर्शी
- मंडला में भाजपा की प्रमुख नागरिक गोष्ठी संपन्न
- लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशव्यापी स्तर पर चलाए जा रहे लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत मंडला के नगरपालिका टाउन हॉल में एक प्रमुख नागरिक गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचकर लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर संवाद कर रहे हैं। यह अभियान आगामी 5 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जारी रहेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिकों, प्रबुद्धजनों और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर विशेष सम्मान किया गया।

कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तियां उइके ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर देश की जनता में लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की एक आवश्यक प्रक्रिया है। इसके जरिए फर्जी, दोहरे या अपात्र नामों को हटाकर वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित किए जाते हैं, जिससे लोकतंत्र और मजबूत होता है। जनता अब कांग्रेस के झूठ को समझ चुकी है और उसे इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा। कार्यक्रम में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उन्होंने भी वरिष्ठजनों व नागरिकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर व्यवस्था के खिलाफ भ्रम और अराजकता का वातावरण बनाने का आरोप लगाया।
लोकतांत्रिक शुचिता और विकास पर जोर
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस एसआईआर और जेनजी जैसे मुद्दों की आड़ लेकर आम जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में विसंगतियों को दूर करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन की राह पर आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस का रवैया लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुकूल नहीं है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, पूर्व जिलाध्यक्ष रोचीराम गुरवानी, जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा, राजेश कस्तूरचंद जैन, जिला महामंत्री नरेश चंद्रोल, प्रवीण तिवारी, जिला मंत्री जोरावर सिंह, मंडल अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री शशि पटेल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भावना साहू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष सुनीत चौरसिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष उत्कर्ष यादव, मंगलेश चक्रवर्ती, वरिष्ठ कार्यकर्ता नरेश कछवाहा, विनय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










