जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद
मंडला के 200 छात्र-छात्राओं ने किया थानों का भ्रमण, समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
- साइबर फ्रॉड से बचाव, महिला सुरक्षा और डायल-112 की दी गई जानकारी
- एसपी की अभिनव पहल से पुलिस-युवाओं के बीच बढ़ा संवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर 2026 को रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (मंडला) के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने शहर के विभिन्न पुलिस थानों का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने थाना कोतवाली, थाना महाराजपुर और महिला थाने पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली को बहुत करीब से देखा और समझा।
पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल
थाना भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को थानों की कार्यप्रणाली, पुलिस द्वारा की जाने वाली विभिन्न वैधानिक कार्रवाइयों और थाने में संपादित होने वाले दैनिक कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस महत्वपूर्ण पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी देना और पुलिस व युवाओं के बीच सीधे संवाद स्थापित कर विश्वास को मजबूत करना है।
साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा और डायल-112 पर विशेष फोकस
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए, उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। इसके साथ ही, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों और इनकी रोकथाम में पुलिस की अहम भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए छात्र-छात्राओं को ‘डायल-112’ सेवा की उपयोगिता और इसके महत्व के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।










