ग्रामीणों ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर एक चोर को रंगे हाथों दबोचा

Advertisements

निवास क्षेत्र में बैटरी चोर गिरोह का आतंक

ग्रामीणों ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर एक चोर को रंगे हाथों दबोचा, पुलिस को सौंपा

  • एक ही रात में आधा दर्जन ट्रैक्टरों की बैटरियां पार
  • पकड़े गए चोर के साथियों ने मंदिर के पास छोड़ीं तीन बैटरियां
  • स्विफ्ट कार से हुए फरार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास और टिकरिया थाना क्षेत्र में इन दिनों अज्ञात बैटरी चोर गिरोह के हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं। लगातार हो रही चोरियों से परेशान ग्रामीणों ने 28 अक्टूबर की दरमियानी रात साहस का परिचय देते हुए एक चोर को रंगे हाथों दबोच लिया और निवास पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि गिरोह के अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। एक ही रात में आधा दर्जन से अधिक वाहनों की बैटरियां चोरी होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी अनुसार 27 अक्टूबर की रात देवरी कला बवलिया में भूरा यादव के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी हुई थी। इसके अगले ही दिन 28 अक्टूबर की रात करीब 1.55 बजे ग्राम बरबटी निवासी लमना सिंह मार्को के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से भी चोरों ने बैटरी निकाल ली। गाड़ी की आवाज सुनकर लमना सिंह और उनका बेटा जाग गए। उन्होंने तत्काल अपनी फोर-व्हीलर से चोरों की गाड़ी का पीछा शुरू किया। जेवरा रिपटा चौराहे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के गार्ड से पूछताछ के बाद पिता-पुत्र पीछा करते हुए मुकास कला पहुंचे।

बताया गया कि मुकास कला में चोर धन सिंह और महेश मसराम के ट्रैक्टर की बैटरी खोल रहे थे। इसी दौरान लमना सिंह और उनके बेटे ने ग्रामीणों की मदद से बैटरी खोल रहे एक चोर को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी जेब से दो मोबाइल और दो पाने बरामद हुए। ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना देकर आरोपी को निवास पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

फोन पर सौदेबाजी, 3 बैटरियां बरामद 

पुलिस के कब्जे में आए आरोपी के मोबाइल पर तभी उसके साथियों का फोन आया। उन्होंने सौदा करते हुए कहा हमारे आदमी को छोड़ दो, हम तुम्हारी बैटरियां दे देंगे। साथियों ने फूल सागर पुल के आगे मंदिर के पीछे का पता दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां से तीन बैटरियां तो बरामद कर लीं, लेकिन साथी वहां से नदारद मिले। इसके बाद जब पुलिस और शिकायतकर्ता बवलिया की ओर लौट रहे थे, इसी दौरान यादव ढाबा और पेट्रोल पंप के पास एक स्विफ्ट कार में तीन संदिग्ध लोग दिखे। पुलिस की भनक लगते ही वे तेजी से कार भगाते हुए पिपरिया, लोहड़ी होते हुए कालपी मार्ग की ओर फरार हो गए।

इन गांवों में भी हुई ताबड़तोड़ चोरियां 

चोरों ने इसी बीती रात टिकरिया थाना अंतर्गत ग्राम मझगांव में बब्बू सिंह, ग्राम सुखराम में मंजू सिंह मरावी के ट्रैक्टर और वैन तथा मुकास कला में नानूराम टेकाम के ट्रैक्टर की बैटरियां भी पार कर दीं।

दर्ज हुई एफआईआर, ग्रामीणों में आक्रोश 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मुकास कला के महेश मसराम और बरबटी के लमना सिंह ने निवास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि पकड़े गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर पूरे गिरोह का जल्द खुलासा किया जाए और क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर चोरियों पर प्रतिबंध लगाया जाए।


Leave a Comment