मंडला फोर्ट स्टेशन पर 24 घंटे तैनात रहेंगे RPF जवान
रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी की शिकायत पर रेलवे की कार्रवाई
- रात्रिकालीन यात्री सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर लगेगी रोक
- समाजसेवी व यात्रियों ने किया फैसले का स्वागत, स्थायी चौकी की मांग बरकरार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रात्रिकालीन यात्री सुरक्षा को सुनिश्चित करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने जा रही है। रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी द्वारा इस संबंध में लगातार किए गए प्रयासों और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में दर्ज शिकायत के बाद, रेलवे प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशन पर 24 घंटे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तैनाती का आदेश जारी किया है।
नागपुर मंडल सुरक्षा आयुक्त ने जारी किया पत्र
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय (नागपुर) ने 28 अक्टूबर 2026 को जारी अपने आधिकारिक पत्र में इस कार्रवाई की जानकारी दी है। पत्र के अनुसार, मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर 16 अक्टूबर 2026 से ही दो RPF जवानों की 24 घंटे (शिफ्टवार) ड्यूटी लगा दी गई है। इन जवानों को यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने, स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
मंडला फोर्ट स्टेशन पर रात के समय (विशेषकर रात 00:30 बजे से सुबह 05:10 बजे तक) यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने PMO और रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार आवाज उठाई थी। उनकी प्रमुख मांगों में 24 घंटे RPF जवानों की नियमित तैनाती और स्टेशन पर एक स्थायी RPF आउटपोस्ट स्थापित करना शामिल था। रेलवे के इस फैसले का सोलंकी ने स्वागत किया है, हालांकि स्थायी RPF चौकी की स्थापना को लेकर बिलासपुर जोन की ओर से अभी स्पष्ट स्वीकृति मिलना बाकी है।
इन्होंने की फैसले की सराहना
“मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे RPF जवानों की तैनाती एक सराहनीय कदम है। रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी की सार्थक पहल से यह मुद्दा प्रमुखता से उठा और हल हुआ। अब हमारी मांग है कि यहां स्थायी RPF चौकी भी जल्द स्थापित हो।”
अखिलेश सोनी, समाजसेवी, मंडला
“रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई यह कार्रवाई स्वागतयोग्य है। रात में सफर करने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिलना बेहद जरूरी है। उम्मीद है स्थायी RPF आउटपोस्ट पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय होगा।”
विनोद कुमार, स्थानीय यात्री










