बालाघाट में मंडला की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए तीन खिलाडिय़ों का चयन
- निर्मिला, लक्ष्मी और रूबी ने बढ़ाया जिले का मान
- अधिकारियों व प्रशिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. बालाघाट में आयोजित क्षेत्रीय स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मंडला जिले की बालिका खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग में जिले की तीन प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने अपने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर आगामी विभागीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। बालिकाओं की इस उल्लेखनीय सफलता से जनजातीय कार्य विभाग, विद्यालय परिवार और जिलेभर के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
जानकारी अनुसार क्षेत्रीय स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तर के लिए तीन बालिकाओं का चयन किया गया है। चयनित बालिका खिलाडिय़ों में निर्मिला कुलस्ते 44 किलोग्राम भार वर्ग, लक्ष्मी पानरिया 46 किलोग्राम भार वर्ग, रूबी पानरिया 49 किलोग्राम भार वर्ग का चयन किया गया है। इन तीनों खिलाडिय़ों ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है और अब वे आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और मेहनत का परिणाम
खिलाडिय़ों की इस सफलता के पीछे उनके निरंतर अभ्यास और कुशल मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। इन खिलाडिय़ों को तैयार करने में रामनाथ सिंह धुर्वे, झामसिंह तेकाम, अजीत वरकड़े एवं यास्मीन सैयाम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाडिय़ों के समर्पण ने इस सफलता की राह को आसान बनाया है।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
बेटियों की इस उपलब्धि पर जनजातीय कार्य विभाग मंडला के खेल अधिकारी मंगल सिंह पांद्रे, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज की प्राचार्य श्रीमती भागवती प्रधान और छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती प्रमिला बैरागी सहित अन्य अधिकारियों और विद्यालय परिवार ने चयनित खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई दी है. अधिकारियों ने कहा कि खेलों में आगे बढऩे के लिए अनुशासन और नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। उन्होंने आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










