ग्रामीण बैंक खाते से पार हुए एक लाख रुपये
पासबुक एंट्री कराई तो बचे मिले मात्र 134 रुपये, रोते हुए घर लौटा ग्रामीण
- देवरी कला बवलिया की घटना, बिना पैसे निकाले खाता हुआ खाली
- पीडि़त ने बैंक प्रबंधक को आवेदन देकर की जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय देवरी कला बवलिया स्थित मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक में एक ग्रामीण के खाते से बिना उसकी जानकारी के एक लाख रुपये गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़त ने इस मामले में बैंक प्रबंधक को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी अनुसार ग्राम मलठार तहसील निवास के निवासी फूल सिंह मार्को पिता दयाली सिंह मार्को ने विगत वर्ष 10 अगस्त 2023 को ग्रामीण बैंक की बवलिया शाखा में अपने खाते में एक लाख रूपए जमा किए थे। पीडि़त का आरोप है कि उसने इस बीच अपने खाते से एक भी पैसा नहीं निकाला। विगत 27 अक्टूबर 2026 को जब वह बैंक से कुछ पैसे निकालने पहुंचा और पासबुक में एंट्री कराई, तो उसके होश उड़ गए। पासबुक में मात्र 134 रुपये का शेष दिखाया गया। अपनी जीवनभर की गाढ़ी कमाई गायब देखकर पीडि़त ग्रामीण रोने लगा और निराश होकर अपने घर लौट गया।
बैंक प्रबंधक से शिकायत, बीसी या कर्मचारी पर संदेह
इस भारी धोखाधड़ी के बाद 29 अक्टूबर को पीडि़त फूल सिंह ने ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक को एक लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उसने मांग की है कि मामले की सूक्ष्म जांच कर यह पता लगाया जाए कि उसके खाते से एक लाख रुपये की यह राशि किसने और कैसे निकाली। आशंका जताई जा रही है कि इस हेराफेरी में किसी बैंक कर्मचारी या बैंक मित्र की संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल बैंक प्रबंधन ने शिकायत के आधार पर मामले को जांच में ले लिया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गरीब ग्रामीण के पैसे कैसे पार हुए और इस धोखाधड़ी का असल जिम्मेदार कौन है।










