तीन दुकानों को नोटिस, घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त

Advertisements

तीन दुकानों को नोटिस, घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा टीम का नैनपुर में छापा

  • अस्वच्छता मिलने पर खंडेलवाल होटल पर लगा जुर्माना
  • चलित प्रयोगशाला से हुई मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की जांच

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में आमजनों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी परिपालन में नैनपुर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही मिठाई दुकानों, दूध डेयरियों और होटलों के खाद्य पदार्थों की जांच कर नमूने लिए गए।

28 अक्टूबर को इन प्रतिष्ठानों में पहुंची टीम 

संयुक्त टीम ने अभियान के पहले दिन 28 अक्टूबर को नगर के माधव फ्रेश जलपान गृह, जय हिंद दूध डेयरी, गायत्री दूध डेयरी, गुप्ता स्वीट्स, बीकानेर स्वीट्स और मधुराम स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। टीम ने यहां बन रही मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता परखी।

होटल पर प्रकरण दर्ज, लगा 2 हजार का स्पॉट फाइन 

अभियान के दूसरे दिन, 29 अक्टूबर को बस स्टैंड स्थित खंडेलवाल होटल में टीम को स्वच्छता संबंधी भारी कमियां मिलीं। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई, वहीं नगर पालिका द्वारा गंदगी फैलाने पर 2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन भी वसूला गया। इसी दिन टीम ने खंडेलवाल होटल, प्रेम लस्सी सेंटर, अरिहंत स्वीट्स, बीकानेर स्वीट्स और कल्याण होटल से जांच के लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। कमियां पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों को तत्काल सुधार के लिए सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई 

खाद्य सुरक्षा के साथ घरेलू गैस के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर भी टीम ने शिकंजा कसा। निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने मुंबई बड़ा पाव सेंटर पर कार्रवाई करते हुए उपयोग किया जा रहा एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया। प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे प्रतिष्ठान में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह की औचक कार्रवाई जारी रहेगी।


 

Leave a Comment