खंड भारत के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती
नगर पालिका की अनदेखी पर समाजसेवियों का तंज
- खुद साफ किया परिसर, नपा की लापरवाही से ही हमें मिला सेवा का यह सौभाग्य
- प्रतिमा स्थल पर पसरी थी गंदगी, पतंजलि पीठ और साइकिल ग्रुप ने किया श्रमदान
मंडला महावीर न्यूज 29. अखंड भारत के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मंडला के जागरूक नागरिकों ने स्वच्छता और सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की। नगर पालिका की अनदेखी के कारण जब महापुरुष की प्रतिमा स्थल पर गंदगी पसरी रही, तो समाजसेवियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर न सिर्फ परिसर को चमकाया, बल्कि स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा तंज भी कसा।
जयंती के दिन भी कचरे से अटा था प्रतिमा स्थल
जानकारी अनुसार सरदार पटेल चौक बिझिंया तिराहा स्थित लौह पुरुष की प्रतिमा के आसपास भारी मात्रा में कचरा और सूखे पत्ते फैले हुए थे। राष्ट्रीय एकता दिवस और 150वीं जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर नगर पालिका से इस स्थल की साफ-सफाई की उम्मीद थी, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया।
कमी को अवसर में बदला, सुबह 7.30 बजे किया श्रमदान
प्रशासनिक लापरवाही को कोसने के बजाय, पतंजलि पीठ मंडला और मंडला साइकिल ग्रुप के सदस्यों ने इसे सेवा के एक अवसर के रूप में लिया। शनिवार सुबह 7.30 बजे इन दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर स्वयं झाड़ू थाम ली और पूरे परिसर की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ बनाया। स्वच्छता अभियान पूर्ण होने के बाद सभी सदस्यों ने सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और जयंती मनाई।
इनका रहा विशेष योगदान
इस पुनीत कार्य और श्रमदान में विचारक सुधीर कांसकार, राजेश भाई और पतंजलि पीठ से जुड़े सभी योग प्रेमी साथियों का विशेष सहयोग रहा। सभी ने एकजुट होकर महापुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगर पालिका और पार्षद का विशेष आभार
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अधिक चर्चा समाजसेवियों द्वारा स्थानीय प्रशासन पर कसे गए तंज की हो रही है। श्रमदान के बाद अभियान में शामिल सदस्यों ने कहा कि हम नगर पालिका और क्षेत्र के स्थानीय पार्षद को हृदय से धन्यवाद देते हैं, जिनकी इस लापरवाही और अनदेखी की वजह से आज हमें इस पावन अवसर पर सेवा करने का यह परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।











