न्यू स्टार ढाबा और स्कूटी से अवैध मदिरा बरामद, 8 प्रकरण दर्ज

Advertisements

न्यू स्टार ढाबा और स्कूटी से अवैध मदिरा बरामद, 8 प्रकरण दर्ज

मंडला और बिछिया में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

  • ढाबों और बस स्टैंड से भारी मात्रा में अवैध देशी, विदेशी शराब जब्त
  • आबकारी बल की कार्रवाई से शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंडला और बिछिया क्षेत्र में की गई इन छापामार कार्रवाइयों के दौरान ढाबों, दुकानों और वाहनों से भारी मात्रा में अवैध देशी व विदेशी मदिरा बरामद की गई है। जानकारी अनुसार आबकारी टीम ने मंडला के ग्राम पुरवा स्थित न्यू स्टार ढाबा में दबिश देकर वहां से अवैध रूप से रखी गई देशी व विदेशी मदिरा बरामद की। इसके साथ ही बिछिया क्षेत्र में होटल, ढाबों, दुकानों और बस स्टैंड के आसपास सघन निरीक्षण किया गया। बिछिया क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 140 नग देशी मदिरा, 65 नग विदेशी मदिरा और 10 बोतल बीयर जब्त की गई। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में खड़ी एक स्कूटी की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की व अन्य जगहों से 50 नग प्लेन शराब और 40 नग गोवा व्हिस्की बरामद की गई। आबकारी टीम ने अवैध परिवहन में प्रयुक्त उस स्कूटी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

8 प्रकरण पंजीबद्ध, 36,800 रुपये की शराब जब्त 

अवैध रूप से मदिरा का विक्रय करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 08 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जब्त की गई अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत 36,800 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकगणों में विजय कमलेश, कन्हैया उइके, शकुंतला सैयाम, रघुनाथ उइके और हिमांशी धुर्वे की सक्रिय उपस्थिति एवं भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के क्रय, विक्रय और निर्माण में लिप्त लोगों के विरुद्ध इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment