सकवाह में रातों-रात ढहाया गया सार्वजनिक शौचालय

Advertisements

सकवाह में रातों-रात ढहाया गया सार्वजनिक शौचालय

अज्ञात लोगों की हरकत से मचा हड़कंप

  • तोडफ़ोड़ में टूटी बिजली की तार, सरपंच ने प्लॉट मालिकों पर जताया संदेह
  • महाराजपुर थाने में शिकायत दर्ज

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर से सटी ग्राम पंचायत सकवाह में झूला पुल के समीप सड़क किनारे बने एक पुराने सार्वजनिक शौचालय को अज्ञात लोगों द्वारा रातों-रात तोड़ दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस कृत्य के दौरान वहां से गुजरी बिजली की तार भी टूट गई। सार्वजनिक संपत्ति को इस तरह से नुकसान पहुंचाए जाने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आखिर यह हरकत किसने और किस मकसद से की, यह सवाल लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है।जानकारी अनुसार रात के सूनेपन का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने चुपके से इस पूरी घटना को अंजाम दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने शौचालय को मलबे में तब्दील देखा, तो इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा तत्काल महाराजपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस तोडफ़ोड़ के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

सरपंच ने जताया संदेह 

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रंजीता उईके ने शौचालय के ठीक पीछे स्थित प्लॉट के मालिकों पर अपना संदेह व्यक्त किया है। हालांकि पंचायत द्वारा जताए गए इस संदेह की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। किसी भी व्यक्ति की वास्तविक संलिप्तता पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

उसी स्थान पर नए शौचालय की मांग 

इधर, स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि झूला पुल के पास सार्वजनिक उपयोग के लिए शौचालय का होना अत्यंत आवश्यक है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उसी स्थान पर तत्काल एक नवीन सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा बिजली की तार टूटने के मामले में भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।


 

Leave a Comment