अंजनिया के मांद टोला में अवैध शराब अड्डों पर छापा, 4000 किलो महुआ लाहन नष्ट
- 80 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त और 3 अज्ञात आरोपियों पर प्रकरण दर्ज
- आबकारी बल की लगातार जारी है दबिश
मंडला महावीर न्यूज 29. आबकारी विभाग की टीम ने मंडला वृत्त के अंतर्गत अवैध शराब के अड्डों पर कार्रवाई कार्रवाई करते हुए छापा मारा है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में विभाग को मिली सूचना के आधार पर ग्राम अंजनिया के मांद टोला में नाले के किनारे संचालित हो रहे अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश दी गई।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न अड्डों से लगभग 400 डिब्बों में भरा हुआ महुआ लाहन बरामद किया। प्रत्येक डिब्बे में करीब 10 किलो लाहन होने के कारण कुल 4000 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा, मौके से लगभग 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी जब्त की गई और अवैध मदिरा निर्माण में उपयोग किए जाने वाले बर्तनों को तहस-नहस कर दिया गया।
आरोपी मौके से हुए फरार
कार्रवाई के दौरान आबकारी बल को देखकर शराब बनाने वाले आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 3 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जप्त की गई शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 13 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई
इस छापामार कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम तथा प्रधान आरक्षक इश्यूलाल मर्सकोले, शकुंतला सैयाम और विकास कौरव सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।









