बड़ी खैरी में 25 अक्टूबर को निकलेगा भव्य विसर्जन चल समारोह
हनुमान अंश के गायक सुनील लोधी होंगे शामिल
- मां अंबा महाआरती ग्रुप की प्रस्तुति से भक्तिमय हुआ माहौल
- विसर्जन समारोह को लेकर उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29. शारदेय नवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ी खैरी स्थित श्री सिद्ध दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में आगामी 25 अक्टूबर को भव्य धार्मिक विसर्जन चल समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रसिद्ध धार्मिक फिल्म हनुमान अंश के गायक सुनील लोधी विशेष रूप से शिरकत करेंगे। उनके आगमन की खबर से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता बॉबी रावत ने बताया कि समिति द्वारा इस वर्ष मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के साथ नर्मदा मैया की नौ देवियों को विराजमान किया गया है, जिसके दर्शन पूजन हेतु प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। उत्सव के दौरान आयोजित विशेष महाआरती में मां अंबा महाआरती गु्रप और महाकाल बैंड बैहर द्वारा प्रस्तुत धार्मिक धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
समिति ने आगामी 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विसर्जन चल समारोह में नरेंद्र लोधी की प्रस्तुति को भी विशेष आकर्षण बताया है। श्री सिद्ध दुर्गा उत्सव समिति बड़ी खैरी ने समस्त नगरवासियों और धर्मप्रेमी बंधुओं से इस भव्य चल समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है। आयोजन को सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।










