मोहगांव में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ हल्ला
राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
- बढ़ती महंगाई पर ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन
- 15 दिन में मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार मोहगांव में बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इकबाल खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए कहा कि आज आम जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है। चीनी, पेट्रोल-डीजल, आसमान छूते बिजली के बिल और महंगे गैस सिलेंडरों ने आम आदमी के घरेलू बजट को पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दिया है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि चीनी के बढ़ते दामों पर तत्काल लगाम लगाई जाए और कीमतें कम की जाएं। पेट्रोल-डीजल के दाम कम किए जाएं, पेट्रोल में मिलावट बंद हो और ईंधन के नाम पर यात्री बसों में बढ़ाए गए किराए को घटाया जाए। रसोई गैस के दाम कम हों और गैस वितरण की समय सीमा 45 दिन से घटाकर 25 दिन की जाए। अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगे और बेतहाशा बढ़ रहे बिजली बिलों को कम किया जाए।
दिया 15 दिन का अल्टीमेटम
ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पहले बैठक आयोजित की और उसके बाद भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए थाना प्रांगण पहुंचे। यहां नायब तहसीलदार मोहगांव को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर इन जनसमस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









