यात्री बस और बाइक की भिड़ंत, 2 गंभीर घायल

यात्री बस और बाइक की सीधी भिड़ंत, पति-पत्नी गंभीर घायल

निवास-मंडला मार्ग में बबलिया बंजारी घाट पर सड़क हादसा

  • बेकाबू होकर रैलिंग से टकराई यात्री बस
  • घायल बाइक सवार दंपती जबलपुर रेफर

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला निवास मार्ग पर स्थित ग्राम बवलिया के बंजारी घाट में गुरुवार दोपहर सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक यात्री बस और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे के बाद अनियंत्रित हुई बस सड़क किनारे रैलिंग से जा टकराई।जानकारी अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे बुनियादी ट्रेवल्स की यात्री बस मंडला से निवास की ओर जा रही थी। इसी दौरान बवलिया बाजार से अपने गांव डोभी लौट रहे बाइक सवार दंपती की बंजारी घाट के मोड़ पर बस से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तेज लाल 32 वर्ष पिता लामू और उनकी पत्नी श्यामवती 30 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। बस के डिवाइडर से टकराने के कारण उसमें सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल रेफर 

हादसे में पति-पत्नी दोनों के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, वहीं पति तेज लाल का एक पैर फैक्चर हो गया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल बवलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. सुरेंद्र सिंह द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद दंपती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।


Leave a Comment