ज्ञानदीप विद्यालय में प्री-प्राइमरी विंग का लोकार्पण

ज्ञानदीप विद्यालय में प्री-प्राइमरी विंग का लोकार्पण

  • अब खेल-खेल में शिक्षा पाएंगे नौनिहाल
  • एडीएम और एसडीएम की उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
  • एसबीआई ने कंप्यूटर लैब के लिए भेंट किए 5 सिस्टम

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के प्रतिष्ठित ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल में आधुनिक सुविधाओं से लैस नव निर्मित प्री-प्राइमरी विंग का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। नई पीढ़ी को तकनीकी और व्यवहारिक शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से तैयार किए गए इस विंग का शुभारंभ एडीएम राजेन्द्र सिंह, एसडीएम सोनल सीडाम और एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आनंदकुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया।इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन ने शिक्षा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विद्यालय को कंप्यूटर लैब के लिए 5 आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम प्रदान किए। इससे नन्हे विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही डिजिटल साक्षरता का लाभ मिल सकेगा। संस्था के अध्यक्ष सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में निर्मित इस विंग को बच्चों की मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है।बताया गया कि यहाँ सुरक्षित वातावरण, रंगीन कक्षाएं और आकर्षक गार्डन क्षेत्र बनाया गया है। खेल-खेल में सीखने की पद्धति के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित की जाएगी। विंग को आकर्षक बनाने में सिमरन खान, वर्षा सोनी, शीतल चौरसिया सहित अन्य शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

इनकी रही उपस्थिति 

कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव डॉ. संजय तिवारी, उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, अजय खोत, कार्यकारिणी सदस्य संजय मिश्रा, प्राचार्य दिनेश दुबे एवं मो. रफीक खान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।



 

Leave a Comment