नए साल पर यातायात पुलिस का अनूठा अंदाज
- सड़क सुरक्षा का संकल्प
- यातायात पुलिस ने पुष्प भेंट कर दी समझाइश
- सुरक्षित सफर की अपील
- नियम मानने वालों को फूल देकर किया सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29. नववर्ष के आगमन पर मंडला यातायात पुलिस ने शहर की सड़कों पर एक सकारात्मक पहल की है। नववर्ष के प्रथम दिन यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर सम्मान के साथ समझाइश अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने डंडे की जगह फूलों का सहारा लेकर लोगों को जागरूक किया।
यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंडला पुलिस टीम ने उन वाहन चालकों का पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया जो हेलमेट पहनकर और यातायात के अन्य नियमों का निष्ठापूर्वक पालन कर रहे थे। पुलिस की इस विनम्र कार्यशैली ने नागरिकों को सुखद आश्चर्य में डाल दिया।
सम्मान के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने उन वाहन चालकों को भी समझाइश दी जो नियमों की अनदेखी कर रहे थे। पुलिस ने अपील की कि नए साल के उत्सव के बीच सुरक्षा को प्राथमिकता दें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। यातायात विभाग का मुख्य संदेश यह था कि नियमों का पालन न केवल जुर्माने से बचाता है, बल्कि अनमोल जीवन की रक्षा भी करता है। पुलिस की इस गांधीवादी पहल की शहरवासियों ने सराहना की है।










