राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद ने परिक्रमावासियों को बांटे गर्म कपड़े, कराया भोजन
- प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी ने मंडला में की धर्म-सेवा, समझाया नर्मदा परिक्रमा का महत्व
- परिक्रमावासियों की सेवा और नर्मदा के आध्यात्मिक-वैज्ञानिक महत्व पर चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद समाज कल्याण प्रकोष्ठ ने नर्मदा परिक्रमा पर निकले श्रद्धालुओं की सेवा में एक महत्वपूर्ण आयोजन किया। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी की उपस्थिति में महाराजपुर स्थित संगम तट पर संत दीपक दास महाराज के आश्रम में परिक्रमावासियों को कंबल, गर्म कपड़े वितरित किए गए और भोजन कराया गया। इस आयोजन में लगभग 50 परिक्रमावासियों को सामग्री प्रदान की गई। साथ ही संत दीपक दास महाराज का सम्मान करते हुए उनके आश्रम में लगभग 150 किलो अनाज भी दान किया गया। प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी अपने परिवार सहित इस कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने स्वयं परिक्रमा कर रहे नर्मदा भक्तों से मुलाकात की और उन्हें सामग्री सौंपी।
संत दीपक दास जी महाराज के आश्रम में परिक्रमावासियों को भोजन परोसते समय, आश्रम की सेवादार शीतल वैष्णव ने बताया कि इस आश्रम में हर दिन परिक्रमावासियों को नि:शुल्क भोजन परोसा जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि इन दिनों प्रतिदिन एक सैकड़ा से अधिक परिक्रमावासी यहां आ रहे हैं, और संत दीपक दास महाराज के विशेष दिशा निर्देश पर यह जनकल्याण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी ने बताया कि वह विगत कई वर्षों से ठंड के दिनों में परिक्रमावासियों को गर्म कपड़े वितरण करते हैं, और गर्मी के दिनों में भी सामग्री उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले पांच सालों से लगातार मंडला आ रहे हैं। उन्होंने नर्मदा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नर्मदा को लोग धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से ही देखते हैं, लेकिन इसे करीब से जानने वाले विज्ञान और जल धाराओं के संघर्ष को जोड़कर जीवंत पाठशाला के रूप में जानते हैं।
उत्तरवाहिनी के आध्यात्मिक और वैज्ञानिक कारण बताए
शिव तिवारी ने बताया कि नर्मदा का प्राकृतिक सौंदर्य मनमोहक है, वहीं यह खतरनाक परिस्थितियों में भी अपने वेग को शांत रखकर आगे बढऩे का संदेश देती है। उन्होंने उत्तरवाहिनी नर्मदा का विशेष महत्व बताते हुए अमरकंटक से भरूच तक प्रवाहित होने वाली माँ नर्मदा के कई रंग, संस्कृति और संस्कारों की शिक्षा को साझा किया। उन्होंने विशेष रूप से माँ नर्मदा के उत्तर दिशा में प्रवाह उत्तरवाहिनी के आध्यात्मिक और वैज्ञानिक कारणों को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि पूरे नर्मदा क्षेत्र में तीन स्थान ऐसे हैं जहाँ माँ नर्मदा उत्तरवाहिनी हुई हैं। जिसमें गुजरात प्रदेश में तिलकवाड़ा, मंडला जिले का क्षेत्र और ओमकारेश्वर के पास का स्थान जो अब बांध बन जाने से विलोपित हो गया है। उन्होंने शास्त्रों के प्रावधान का जिक्र करते हुए कहा कि जो कोई भी किसी कारणवश माँ नर्मदा की पूरी परिक्रमा न कर पा रहा हो, वह व्यक्ति उत्तरवाहिनी माँ नर्मदा की परिक्रमा कर इस पुण्य लाभ को प्राप्त कर सकता है। यह परिक्रमा वर्ष में सिर्फ चैत्र माह में ही की जाती है। उन्होंने मंडला जिले को सौभाग्यशाली बताया कि माँ नर्मदा इसे तीन ओर से घेरते हुए आगे बढ़ रही है और जिले में उत्तरवाहिनी नर्मदा परिक्रमा तट स्थित है, जिससे नर्मदा नगरी का महत्व और बढ़ जाता है।
अन्य धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम
कार्यक्रम के पूर्व राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद मंडला द्वारा जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। शिव तिवारी ने अधिवक्ता घनश्याम बर्मन द्वारा संचालित नर्मदा परिक्रमा आश्रय स्थल पर भी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने तिंदनी गाजीपुर स्थित काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल आश्रम में बच्चों को ऊनी वस्त्र और फल प्रदान किए, और गौशाला का भ्रमण किया। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता उमा यादव के आवास पर आयोजित अखंड रामायण पाठ में भी भाग लिया।
ये रहे मौजूद
राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि समाज कल्याण प्रकोष्ठ, प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रमों के साथ गरीब और जरूरतमंदों की मदद भी करता है। इस अवसर पर अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, दीपक कछवाहा, कैलाश डेहरिया, उमा यादव, सीता परतेती, मनीष तिवारी, किशोरी लाल साहू, किशोर रजक, सुधीर कांसकार, विजय अग्रवाल, अनमोल अग्रवाल, रोहित बघेल सहित पत्रकार परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









