बोर्ड परीक्षा सिर पर, प्राईमरी के शिक्षक को हाईस्कूल में किया पदस्थ
- बिलगढ़ा हाई स्कूल के छात्रों ने जनसुनवाई में की प्राचार्य और अटैच शिक्षक की शिकायत
मंडला महावीर न्यूज 29. मोहगांव विकासखंड के बिलगढ़ा हाई स्कूल के कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर के सामने अपनी स्कूल की प्राचार्या और नवागत हिंदी विषय के शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। छात्रों ने अपनी पढ़ाई पर पड़ रहे विपरीत प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
छात्रों का आरोप है कि लापरवाही दिखाते हुए देवगांव मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक शत्रुघ्न सिंह मरावी को उनके हाई स्कूल में अटैच कर दिया गया है। इनके आते ही प्राचार्या द्वारा कई वर्षों से हिंदी पढ़ा रहे अतिथि शिक्षक श्रवण झारिया को हटा दिया गया। छात्रों ने बताया कि शत्रुघ्न मरावी ने कक्षा में पहले ही दिन से हाई स्कूल की कक्षाओं को न पढ़ा पाने की बात कहकर अपनी कमजोरी जाहिर कर दी। उन्होंने यह भी कहा कि वे प्राइमरी के शिक्षक हैं और उन्हें जल्द ही इस स्कूल से जाना है, इसलिए वे नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रहे हैं। इसके कारण छात्रों की हिंदी की पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो रही है।
प्राचार्या के विरुद्ध की शिकायत
छात्रों ने अपनी प्राचार्या रोशनी अग्रवाल के खिलाफ भी शिकायत की है। उनका कहना है कि प्राचार्या मंडला से अप-डाउन करती हैं और सप्ताह में दो-तीन दिन से ज्यादा स्कूल नहीं आतीं। वह सामाजिक विज्ञान पढ़ाती हैं, लेकिन प्रश्न-उत्तर के अलावा कोर्स के अंदर के चैप्टर बिल्कुल नहीं पढ़ाती हैं, जिससे उनका परीक्षा परिणाम खराब हो सकता है।
अतिथि शिक्षक की वापसी की मांग
छात्रों ने बताया कि वे अतिथि शिक्षक श्रवण झारिया की पढ़ाई और व्यवहार से बहुत संतुष्ट थे और उनकी वापसी की मांग की है। छात्रों को उम्मीद है कि कलेक्टर से मिलने के बाद उनकी बात सुनी जाएगी और प्राचार्या, शिक्षक पर उचित कार्रवाई होगी, जिससे उनकी पढ़ाई दोबारा पटरी पर आ सकेगी। छात्रों को अधिकारियों द्वारा जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया गया है।








