ट्राला की टक्कर से टूटा हाईवे का साइन बोर्ड

एनएच-30 पर बीजाडांडी में बड़ा हादसा टला

  • ट्राला की टक्कर से टूटा हाईवे का साइन बोर्ड, यातायात बाधित
  • कुछ देर के लिए हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार
  • प्रशासन की लापरवाही उजागर

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना बीजाडांडी क्षेत्र के अंतर्गत राधा-कृष्ण मंदिर के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां पहले से ही जर्जर अवस्था में लगा एक साइन बोर्ड भारी सामान से लदे एक ट्राला की टक्कर से पूरी तरह टूटकर सड़क पर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक पर लदे भारी सामान के कारण उसकी ऊंचाई अधिक थी, जिससे यह टक्कर हुई। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान कोई व्यक्ति या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।बताया गया कि साइन बोर्ड के अचानक गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को सुचारु कराया।स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह साइन बोर्ड काफी समय से आधा-अधूरा और जर्जर हालत में था। उनका आरोप है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इसकी मरम्मत या मजबूती की जांच करवा ली होती, तो यह घटना टल सकती थी। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क किनारे लगे सभी सार्वजनिक साइन बोर्डों की स्थिति की तुरंत जांच और सुधार कार्य कराने की मांग की है।


रिपोर्टर-फिरदौस खान



 

Leave a Comment