दुर्लभ संयोग-भौम पुष्य प्रवर्ध योग पर हनुमान मंदिर में विशेष अनुष्ठान
- संकटमोचन की उपासना कर किया अन्न रहित हवन और सुंदरकांड पाठ
मंडला महावीर न्यूज 29. मंगलवार को भौम पुष्य प्रवर्ध योग के पावन संयोग पर जिला पंचायत के सामने स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन और हवन का भव्य आयोजन किया गया। यज्ञाचार्य नीलू महाराज के आचार्यत्व में यह दुर्लभ धार्मिक अनुष्ठान विधि विधानपूर्वक सम्पन्न हुआ। यज्ञाचार्य नीलू महाराज ने बताया कि जब मंगलवार को पुष्य नक्षत्र और प्रवर्ध योग का संयोग बनता है, तभी इसे भौम पुष्य प्रवर्ध योग कहा जाता है। यह योग पूरे दिन से लेकर रात्रि तक विद्यमान रहा और हनुमान उपासना के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है।
इस विशेष अवसर पर हनुमान जी को चोला चढ़ाया गया और लड्डुओं से अर्चन किया गया। साथ ही, पंचमेवा, गूगल, मंजरी आदि औषधीय सामग्रियों से अन्न रहित हवन किया गया। पूजन में सुधीर कांसकार ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया। भक्तों ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। भक्तों की भारी उपस्थिति के बीच मंदिर परिसर मंगल ध्वनि और जयकारों से गूंज उठा। भक्तों का मानना है कि इस विशेष योग में हनुमान जी की उपासना करने से संकटों का नाश होता है और जीवन में बल, बुद्धि व सफलता की प्राप्ति होती है।









