दुर्गंध का दंश, बस स्टेंड में दुकानदारों के सामने कचरा घर
- ग्राहक व व्यापार दोनों हुए प्रभावित, तत्काल समाधान की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज स्थित मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड में स्थानीय दुकानदारों के सामने रखे अस्थाई कचरा घर के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ संक्रमण का खतरा बन गया है। जिसके कारण यहां के दुकानदारों के व्यापार पर बहुत असर पड़ रहा है। इस परेशानी को देखते हुए दुकानदारों ने नारायणगंज सीईओ को शिकायत भी की है। शिकायत पत्र में दुकानदारों ने आरोप लगाए हैं कि कचरा घर से आ रही असहनीय दुर्गंध के कारण उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और जीना दूभर हो गया है।
दुकानदारों ने बताया कि कचरा घर बिल्कुल उनकी दुकानों के मुख्य द्वार के सामने रखा गया है। इसके चलते जो ग्राहक खरीदारी के लिए आते हैं, वे भीषण बदबू के कारण ऊपर या पास आने से कतराते हैं, जिससे उनका व्यापार ठप हो गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गंदगी इतनी अधिक है कि दुकानदारों के लिए अपनी दुकानों में भोजन करना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि चारों तरफ बदबू और मक्खियों का जमावड़ा लगा रहता है।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर खतरा
बताया गया कि दुकानदारों ने स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई की स्थिति बिल्कुल लचर है, और सबसे बड़ी समस्या यह है कि कचरा घर से गंदा पानी लगातार रिस रहा है, जिससे उनकी दुकानों के सामने की पूरी जगह कीचड़ और बदबू से भर गई है। यह स्थिति न केवल व्यापार को नुकसान पहुँचा रही है, बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए भी एक गंभीर खतरा बन गई है।
कचरा घर व्यवस्थित रखने की मांग
शिकायत पत्र में बस स्टेंड के काम्प्लेक्स में संचालित दुकानदारों ने नारायणगंज मुख्य कार्यपालन अधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने निवेदन किया है कि क्षेत्र की जन-सुविधा और व्यापारियों के हित को देखते हुए इस बदबूदार कचरा घर को तत्काल यहाँ से हटाकर किसी उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए जिससे वे सामान्य रूप से अपना व्यापार कर सकें।
इनका कहना है
गंदगी बहुत ज्यादा है, और ऐसा लगता है कि यहाँ साफ-सफाई होती ही नहीं है। सड़क पर पानी रिस रहा है और कचरे का ढेर लगा रहता है। इस तरह के माहौल में कोई भी व्यक्ति सामान खरीदने के लिए क्यों आएगा, नारायणगंज सीईओ से निवेदन है कि वे हमारी परेशानी को समझें और तत्काल कार्रवाई करें।
रितेश सोनी, निवास विधानसभा अध्यक्ष, युवा कांग्रेस
यह कचरा घर हमारे लिए ग्राहक भगाने वाली मशीन बन गया है। ग्राहक दूर से ही दुर्गंध महसूस करते हैं और सीधे मुड़कर वापस चले जाते हैं। ऊपर की दुकानों में तो कोई आता ही नहीं है। हम ग्राहक न आने के कारण भारी व्यापारिक नुकसान झेल रहे हैं और अपनी आजीविका चलाने में भी मुश्किल हो रही है।
विष्णु प्रसाद
दुर्गंध के कारण दिनभर सिर में भारीपन और उल्टी जैसा महसूस होता है। हम दुकानदार अपनी ही दुकान में ठीक से खाना भी नहीं खा पाते हैं। यह केवल व्यापार का नहीं, बल्कि हमारे स्वास्थ्य का भी सवाल है। अगर यह गंदगी नहीं हटी, तो हमें मजबूरन अपनी दुकानें बंद करनी पड़ सकती हैं।
दीपक सिंगरौरे
पिछले कई दिनों से यह समस्या लगातार बढ़ रही है। कचरे से रिसने वाला गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू और मच्छर, मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। हम व्यापारी अब इस गंदगी और दुर्गंध के साथ और काम नहीं कर सकते। प्रशासन को तुरंत इस कचरा घर को हटाना चाहिए।
आनंद अग्रवाल











