कान्हा के रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, अवैध स्पा सील

कान्हा के रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, अवैध स्पा सील

  • एसडीएम और एसडीओपी के नेतृत्व में टीम ने नियमों के उल्लंघन पर मारा छापा
  • अवैध रूप से संचालित स्पा संचालक पर अपराध दर्ज
  • कान्हा के रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट पर संयुक्त कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और वैधानिक अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को मंडला पुलिस, राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न रिसॉर्ट एवं रेस्टोरेंट पर आकस्मिक निरीक्षण करते हुए कार्रवाई की है। बताया गया कि संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि मराठा रेस्टोरेंट में भोजन निर्माण के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। खाद्य विभाग ने तत्काल मौके से घरेलू गैस सिलेंडर को जब्त कर संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

अवैध स्पा किया गया सील 

कान्हा क्षेत्र के समीप स्थित एक भवन में एक स्पा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। छापामार कार्रवाई और जांच के दौरान पता चला कि स्पा में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी, रिकॉर्ड एवं चरित्र सत्यापन पुलिस थाना खटिया और संबंधित विभाग में प्रस्तुत नहीं किया गया था, जो निर्धारित सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। नियमों के इस उल्लंघन पर स्पा संचालक राहुल कुमार गुप्ता एवं भवन मालिक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से स्पा को मौके पर सील कर दिया।

अन्य प्रतिष्ठानों का भी किया निरीक्षण 

संयुक्त टीम ने कान्हा के ग्राम मोचा स्थित क्लब महिन्द्रा, तुली रिसॉर्ट, रोजवुड रिसॉर्ट सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों का भी गहन निरीक्षण किया। टीम ने सभी संचालकों को स्वच्छता, सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक अनुपालन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए और चेतावनी भी जारी की।

कार्रवाई में ये रहे शामिल 

बताया गया कि कान्हा क्षेत्र में की गई इस छापामार कार्रवाई में एसडीएम बिछिया सोनाली देव, एसडीओपी नैनपुर मनीष राज, थाना प्रभारी खटिया केसी चौहान, चौकी प्रभारी टाटरी पुनीत वाजपेयी, आरआई (राजस्व) सुनवालाल भवाली, उनि मधु मरावी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment