देशभक्ति के संदेश के साथ गूंजा वंदे मातरम्

देशभक्ति के संदेश के साथ गूंजा वंदे मातरम्

  • जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन
  • मंडला में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वें स्मरणोत्सव पर मैराथन दौड़ एवं सामूहिक गायन

मंडला महावीर न्यूज 29. देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 07 नबंवर को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150वें स्मरणोत्सव के उपलक्ष्य में मंडला जिले में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें मैराथन दौड़ और सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन शामिल था।बताया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: पुलिस लाइन, मंडला से मैराथन दौड़ के साथ हुई। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए महिष्मति घाट पर जाकर समाप्त हुई। मैराथन के समापन स्थल महिष्मति घाट पर माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया। यहां पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुति दी गई। बैंड की प्रस्तुति के उपरांत, उपस्थित विशाल जनसमूह द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

अधिकारियों समेत 500 छात्र-छात्राएं हुई शामिल

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मंडला, नगर पालिका अध्यक्ष, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, एसडीओपी, जिला खेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेजों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य बना दिया।


 

Leave a Comment