सीएचसी बीजाडांडी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित
- जिला टीम ने की रोगियों की स्क्रीनिंग
- मानसिक स्वास्थ्य को मिला सामुदायिक सहारा
- मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर की दी जानकारी
- सीएचसी बीजाडांडी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर सफल
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामुदायिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और रोगियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से बीएमओ डॉ. अभयकीर्ति के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस शिविर के लिए जिले से विशेष रूप से आई मनकक्ष की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में नोडल अधिकारी डॉ. रितेश अग्रवाल, नर्सिंग ऑफिसर पारुल यादव, साध्वी पटेल और परामर्शदाता देव प्रकाश पांडे शामिल रहे।

बताया गया कि शिविर में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक क्षेत्र के मानसिक रोगियों की सघन स्क्रीनिंग की गई। जिला टीम ने रोगियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और साथ ही उन्हें मनकक्ष की विस्तृत जानकारी दी। शिविर के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी सीएचओ, सुपरवाइजऱ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा सहयोगी और आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र के मानसिक रोगियों को सीएचसी बीजाडांडी पहुँचाने का आदेश दिया गया था।
मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर की दी जानकारी
शिविर के दौरान उपस्थित सभी मरीजों एवं परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संसाधनों की जानकारी दी गई। उन्हें मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर 14416 की विस्तृत जानकारी साझा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसे मरीजों के पूर्णत: इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला में एक समर्पित मनकक्ष बनाया गया है, जहाँ वे उपचार करा सकते हैं। इसके साथ ही सामुदायिक स्तर पर उमंग स्वास्थ्य केंद्र पर भी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह पहल मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।












