द ग्रेट खली का मंडला आगमन, जनजातीय परंपरा से हुआ स्वागत
- युवा शक्ति संगम में उमड़ा जनसैलाब, नशे से दूर रहकर खेलकूद को अपनाने की दी सलाह
- सिकल सेल एनीमिया के लिए रक्तदान शिविर आयोजित
- युवाओं के प्रेरणास्रोत बने द ग्रेट खली, नशा छोडऩे के लिए जिम और कॉम्पिटिशन बढ़ाने पर जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध पहलवान द ग्रेट खली (दिलीप सिंह राणा) का मंडला नगर में आगमन हुआ, जिसे लेकर मंडला में भारी उत्साह देखने को मिला। सामाजिक संस्था भागीरथ सेवा विकास परिवार अजेय मंडला और श्री श्याम मंदिर अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा युवा शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। द ग्रेट खली के आगमन से पूर्व सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक सिकल सेल एनीमिया से प्रभावित मरीजों के लिए एक नि:शुल्क रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जहां रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम स्थल पर महापुरुषों की जीवनी पर प्रदर्शनी भी लगाई गई।
जबलपुर एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत के बाद खली मंडला के लिए रवाना हुए। इस दौरान बरेला टोल नाका, बीजाडांडी, नारायणगंज और फूलसागर जैसे स्थानों पर सामाजिक लोगों ने उनका अभिवादन किया और सेल्फी ली। फूलसागर से बीएसवीपी कार्यकर्ताओं ने वाहन रैली निकाली, जो रानी दुर्गावती महाविद्यालय पहुँची। यहाँ द ग्रेट खली ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। बताया गया कि रानी दुर्गावती महाविद्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए खली ने देश के युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए छोटे जिमखाने और ग्राउंड विकसित किए जाए, इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक खेल कॉम्पिटिशन आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन कदमों से युवा स्वाभाविक रूप से खेलकूद की ओर आकर्षित होंगे और नशे से दूर रहेंगे। राजनीति और भ्रष्टाचार पर बोलते हुए खली ने भाजपा को देश को आगे बढ़ाने का विकल्प बताया और पिछले 15 सालों में घोटालों में कमी आने का दावा किया। उन्होंने भारतीय बच्चों के डब्ल्यूडब्ल्यूई में भविष्य को उज्ज्वल बताया, लेकिन इसके लिए स्थानीय स्तर पर खेल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जनजातिय पंरपरा अनुसार किया सम्मान
कार्यक्रम मंच पर द ग्रेट खली का मंडला की जनजातीय परंपरा अनुसार विशेष सम्मान किया गया। उन्हें वीरन माला पहनाई गई और पारम्परिक आदिवासी पगड़ी पहनाकर जिले की संस्कृति से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष अग्रवाल सहित वरिष्ठ व्यापारी, समाजसेविका ज्योति जायसवाल और मुख्य वक्ता डॉ. अजय वंशकार उपस्थित रहे, जिन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को सफल बनाने में हजारों नगरवासी, कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा।
आयोजन में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्याम मंदिर अग्रसेन ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल अंतरराष्ट्रीय पहलवान विजेन्द्र सिंह, वरिष्ठ व्यापारी महेंद्र राजपूत, वरिष्ठ समाजसेविका ज्योति, जायसवाल युवा समाजसेवी पंकज सोनी, समाजसेवी नीरज अग्रवाल और मुख्यवक्ता डॉ अजय वंशकार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सामाजिक संस्था भागीरथ सेवा विकास परिवार श्री श्याम मंदिर अग्रसेन ट्रस्ट बम्हनी, जिले के सभी रक्तदाता कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले शहर के व्यापारी गणमान्य नागरिक बंधु, समस्त स्वास्थ्य विभाग की टीम, मंडला पुलिस प्रशासन, मीडिया, भागीरथी सेवा विकास परिवार संस्था के समस्त कार्यकर्ता, रक्तदाता एवं समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधित्व बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में द ग्रेट खली का स्वागत नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने किया। उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए शॉल श्रीफल से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सीआपीएफ 148 बटालियन एवं पुलिस विभाग व यातायात विभाग ने भी स्वागत किया है।










