11 मोतियाबिंद मरीजों को मिला नई रोशनी का सहारा
- राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नारायणगंज में आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में सोमवार को सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में एक दिवसीय नि:शुल्क नेत्र जांच परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों, विशेषकर मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना था। नि:शुल्क शिविर में नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी द्वारा 15 मरीजों की जांच की गई। जांच के दौरान इनमें से 11 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित मिले। इन चिन्हित मरीजों को तत्काल सर्जरी के लिए रैफर किया गया।
जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में चिंहित किए गए सभी 11 मोतियाबिंद मरीजों को बिना किसी विलंब के संचालित 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय मंडला भेजा गया। जिला चिकित्सालय में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल द्वारा इन मरीजों की मोतियाबिंद सर्जरी की जाएगी। सीएचसी नारायणगंज सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि बताया कि मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद चश्मा और दवाइयां भी पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सर्जरी के बाद मरीजों को वापस नारायणगंज तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वाहन की नि:शुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
108 एम्बुलेंस से सर्जरी के लिए भेजा
बताया गया कि आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में 11 मरीजों को नई रोशनी मिली है। इन चिहिन्त मरीजों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय मंडला भेजा गया। जिसमें रामदयाल 80 निवासी कोबरीखुर्द, हीरालाल 70 वर्ष निवासी कोबरी खुर्द, शिवरतिया बाई 50 वर्ष निवासी ग्राम कछारी, कोदू लाल 80 वर्ष ग्राम माढ़ोगढ़, सुभ्रदा बाई 70 वर्ष निवासी माड़ोगढ़, जुनिया बाई 64 वर्ष निवासी ग्राम माड़ोगढ़, प्यारी बाई 64 वर्ष निवासी माड़ोगढ़, दोभन सिंह 47 वर्ष निवासी बीजेगांव, कलिया बाई 50 वर्ष सहजनी, करन 65 वर्ष निवासी पदमी, हिमतो बाई 50 वर्ष निवासी कुम्हा को सर्जरी के लिए रवाना हुए।
3 नबंवर को लगेगा शिविर
नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए अगला नि:शुल्क नेत्र जांच परीक्षण शिविर आगामी 3 नबंवर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि इस नि: शुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे कोई भी नेत्र रोग से ग्रसित व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे।












