जीजा ने साले पर बके से किया जानलेवा हमला
- घुघरी के ग्वारा में पारिवारिक विवाद
- पुलिस की तत्परता से गंभीर घायल साले को तत्काल पहुंचाया अस्पताल, इलाज जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ग्वारा में पारिवारिक विवाद के चलते हुई हिंसक घटना में एक जीजा ने अपने साले पर धारदार हथियार (बका) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया है। इसकी घटना की जानकारी घुघरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार यह घटना गुरूवार की है। जब रामचरण पिता उदल मरावी निवासी कांसखेड़ा, थाना बम्हनी अपनी बहन के घर ग्वारा आए हुए थे। इसी दौरान उनका जीजा महेंद्र पिता कन्हैया कुम्हरे निवासी ग्वारा के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। यह विवाद जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और जीजा महेंद्र कुम्हरे ने रामचरण पर धारदार बके से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
बताया गया कि इस घटना की सूचना तत्काल घुघरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुए और 112 की सहायता से तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रामचरण मरावी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज शुरू किया गया।
घुघरी पुलिस ने हमलावर महेंद्र कुम्हरे के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार सीके बट्टे भी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विस्तृत कारणों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️









