आरएसएस का शताब्दी वर्ष समारोह, पथ संचलन संपन्न
- संघ के शताब्दी वर्ष पर बीजाडांडी का बरगांव गूंजा
- विशाल पथ संचलन के साथ मातृशक्ति ने किया स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्र सेवा को समर्पित विश्व के सबसे बड़े संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विकासखंड बीजाडांडी अंतर्गत ग्राम बरगांव में भव्य पथ संचलन और विशाल एकत्रीकरण का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के समस्त स्वयंसेवकों के साथ सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सार्वजनिक दुर्गा मंच से पथ संचलन से हुई, जो गांधी चौक और रानी दुर्गावती चौक से होते हुए एकत्रीकरण स्थल पर समाप्त हुआ। संचलन के दौरान ग्राम की गलियों में माताओं और बहनों ने स्वयंसेवकों का फूल, चंदन और ध्वज आरती से उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जो सार्वजनिक समर्थन और उत्साह का प्रतीक बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चिंतलाल कोकडिय़ा एवं मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक मंडला द्वारा भारत माता और संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
राष्ट्रहित और संगठन पर दिया जोर
मुख्य अतिथि चिंतलाल कोकडिय़ा ने अपने उद्बोधन में कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश की सबसे बड़ी और एकमात्र ऐसी संगठन है, जो केवल राष्ट्रहित और लोककल्याण के लिए कार्य करती है। उन्होंने एबीवीपी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, किसान संघ जैसे संघ से जुड़े संगठनों के कार्यों और पंजाब में आई बाढ़ जैसी विपदाओं में संघ के योगदान का भी उल्लेख किया। मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक मंडला ने संघ की सौ वर्षीय यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और अखंड भारत की परिकल्पना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनसमूह को संगठित रहने और राष्ट्रविरोधी शक्तियों से सावधान रहने का आह्वान किया।









