गगनभेदी जयकारों के साथ माँ जगत जननी को दी विदाई

भव्यता और भक्ति का सैलाब

  • बीजाडांडी में दुर्गा प्रतिमाओं का ऐतिहासिक विसर्जन, उमड़ा जनसैलाब
  • गगनभेदी जयकारों के साथ माँ जगत जननी को दी विदाई
  • भव्य शोभायात्रा में महाकाली समिति के विशाल भंडारे ने बनाया रिकॉर्ड

मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि का समापन इस वर्ष मंडला जिले के बीजाडांडी नगर में इतिहास रच गया। तीसरे दिन भी माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन इतनी भव्यता, अनुशासन और आस्था के साथ हुआ कि न केवल नगरवासी बल्कि पूरे बीजाडांडी विकासखंड के गाँवों से आए हजारों श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए। यह आयोजन अब पूरे क्षेत्र की पहचान और आस्था का केंद्र बन गया है। इस वर्ष का विसर्जन एक या दो नहीं, बल्कि नगर की लगभग सभी समितियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा।

बताया गया कि शिवा महाकाली दुर्गा उत्सव समिति ने अपने भव्य झाँकी और बस स्टैंड पर आयोजित विशाल भंडारे से आयोजन को अलग ऊँचाई दी। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और समिति के सेवा भाव की सराहना की। सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए माँ दुर्गा की प्रतिमा को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया। उनकी सजावट, अनुशासन और प्रस्तुति ने लोगों का दिल जीत लिया। बीजाडांडी के अन्य मोहल्ला और युवा सांस्कृतिक समितियों ने भी ढोल-ताशों, डीजे की धुन और आकर्षक झाँकियों से शोभायात्रा को भव्य रूप दिया। शोभायात्रा में हनुमान, शेर और भालू की झाँकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

गगनभेदी जयकारों के साथ माँ को विदाई 

चल समारोह बस स्टैंड से शुरू होकर राधाकृष्ण मंदिर पहुँचा, जहाँ पूजा-अर्चना की गई, और फिर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विसर्जन स्थल की ओर बढ़ा। नगर की गलियों से गुजरती शोभायात्रा जब नदी तट पहुँची, तो जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते, ढोल-नगाड़ों और डीजे की थाप पर झूमते हुए माँ की विदाई में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ माँ जगत जननी को जल विहार के लिए विदाई दी गई।

पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना 

इतने विशाल आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि यह पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। इसमें पुलिस प्रशासन का योगदान उल्लेखनीय रहा। सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था की सुदृढ़ तैयारियों के कारण हजारों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के कार्यक्रम का आनंद ले सके। सभी समितियों और ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की मुस्तैदी की खुलकर सराहना की।



 

Leave a Comment