नवयुवक दुर्गोत्सव समिति की डरावनी गुफा बनी आकर्षण का केंद्र
- रहस्यमयी गुफा 2 अक्टूबर दशहरा तक रहेगी खुली, 3 को होगा भव्य चल समारोह
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर नवयुवक दुर्गोत्सव समिति पड़रिया द्वारा बनाई गई एक अनोखी और डरावनी गुफा भक्तों और दर्शकों के लिए इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। समिति की इस रचनात्मक पहल ने पड़रिया क्षेत्र के दुर्गोत्सव को खास चर्चा का विषय बना दिया है। गुफा की रहस्यमयी बनावट और डरावना माहौल लोगों में लगातार उत्सुकता बढ़ा रहा है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से लेकर अर्धरात्रि तक भारी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण इस रोमांचक अनुभव को लेने पहुँच रहे हैं।
बच्चों में डर, बड़ों में उत्साह
गुफा का वातावरण इतना डरावना है कि लोग खासकर कमजोर दिल वाले और छोटे बच्चे अंदर जाने से घबराते हैं। यह देखा जा रहा है कि कई बच्चे तो डर के कारण रोते हुए भी बाहर निकल रहे हैं। बावजूद इसके क्षेत्रवासियों में इस अनोखी गुफा को देखने का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे यहाँ रात में भी मेले जैसा माहौल बना हुआ है। दुर्गोत्सव समिति ने बताया कि यह डरावनी गुफा आगामी दो दिन और 2 अक्टूबर दशहरा तक खुली रहेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से माँ दुर्गा की भव्य शोभायात्रा चल समारोह का आयोजन किया जाएगा, जो हनुमान घाट पड़रिया में जाकर संपन्न होगा।











