नैनपुर डाकघर में पोस्टमास्टर के रवैये से जनता परेशान, कार्य में भारी विलंब
- 10 मिनट का काम 15 दिन में, अभद्रता के भी आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. आम जनता को सहूलियत प्रदान करने वाला नैनपुर डाकघर इन दिनों गलत कारणों से चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां के नवागत पोस्टमास्टर पर कार्य में अत्यधिक विलंब और ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो काम मात्र 10 से 15 मिनट में हो जाना चाहिए, उसमें पोस्टमास्टर साहब की कथित व्यस्तता के चलते 10 से 15 दिन का समय लग रहा है। यह स्थिति डाकघर के ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
नैनपुर की जनता का कहना है कि जब कोई व्यक्ति या एजेंट अपनी समस्या लेकर पोस्टमास्टर के पास जाता है, तो उनके द्वारा उन्हें बेइज्जत कर वहां से भगा दिया जाता है। पोस्टमास्टर स्पष्ट रूप से उच्च अधिकारियों को शिकायत करने की बात कहते हैं और काम को 10 से 15 दिन बाद करने को कहते हैं। इस रवैये से आम जनता में भारी आक्रोश है। बताया गया कि पहले आए पोस्टमास्टर के कार्यकाल में डाकघर के ग्राहकों का काम मिनटों में हो जाता था, लेकिन वर्तमान पोस्टमास्टर के आने के बाद से जनता को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कम्प्यूटर ज्ञान की कमी या मन नहीं
शिकायतों में यह भी सामने आया है कि नैनपुर डाकघर में क्लर्कों की कमी होने के कारण अन्य लोगों से क्लर्क का काम कराया जा रहा है, जिससे भी ग्राहकों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि या तो पोस्टमास्टर साहब को कम्प्यूटर का काम ठीक से नहीं आता, या फिर उनका नैनपुर डाकघर में मन नहीं लग रहा है। ऐसी भी चर्चाएं हैं कि वे खुद चाहते हैं कि उनकी शिकायतें हों जिससे वे यहाँ से कहीं और स्थानांतरित हो सकें। इस स्थिति से नैनपुर की आम जनता डाकघर की सेवाओं से असंतुष्ट और परेशान नजर आ रहे है।
इनका कहना है
मुझे पोस्ट मास्टर द्वारा परेशान किया जा रहा है रोज डाकघर के चक्कर कटवाए जा रहे हैं जिसकी शिकायत मैंने ऊपर तक की है।
निखिल पटेल, नैनपुर निवासी









