- मंडला में पहली बार होगा शौर्य का प्रदर्शन, तलवार और शस्त्र के साथ ‘वीरांगना क्षत्राणी गरबा’ का भव्य आयोजन
- बुधवार 1 अक्टूबर को युवम परिवार परिसर में साहसिक गरबा, मराठी साड़ी-पगड़ी पहनकर महिलाएँ देंगी सशक्तिकरण का संदेश
????️ महिला सशक्तिकरण के लिए मंडला में ‘वीरांगना क्षत्राणी गरबा’ का अनोखा आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन पर्व पर इस बार मंडला में भक्ति और शौर्य का एक अभूतपूर्व संगम देखने को मिलेगा। नगर में पहली बार ‘वीरांगना क्षत्राणी गरबा’ का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें बालिकाएं एवं महिलाएँ पारंपरिक गरबा को तलवार और अन्य शस्त्रों के साथ प्रस्तुत करेंगी। यह अनोखा आयोजन गरबा कला को एक नया आयाम देगा, साथ ही बालिकाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को भी प्रेरित करेगा।
बुधवार को होगा शस्त्र पूजन
काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल, गाजीपुर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बुधवार, 1 अक्टूबर को युवम परिवार परिसर, इंडोर स्टेडियम के समीप आयोजित किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत भव्य शस्त्र पूजन के साथ होगी, जिसके बाद साहसिक गरबा की प्रस्तुति दी जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, जिससे वे मातृशक्ति और क्षत्राणी शौर्य की भावना को आत्मसात कर सकें।
???? मराठी स्टाइल साड़ी में होगा प्रदर्शन
इस विशेष प्रस्तुति के लिए विभिन्न उम्र की प्रतिभागी महिलाएँ और बालिकाएँ आचार्य अभिलाषा, आचार्य सत्यम एवं सदस्य प्रीति मौर्य के मार्गदर्शन में नियमित रूप से गहन प्रशिक्षण ले रही हैं। गरबा के साहसिक आयोजन के लिए प्रतिभागियों के लिए मराठी स्टाइल साड़ी एवं पगड़ी का विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है, जो इस आयोजन के उत्साह और शौर्य को और बढ़ाएगा। समिति ने बताया कि गरबा आयोजन को युवम परिवार का सहयोग प्राप्त है और प्रतिभागी इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए काफी उत्साहित हैं। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से मंडला के सांस्कृतिक पटल पर एक नई मिसाल कायम करेगा।












