निवास में माता सिंहवाहिनी की प्राण प्रतिष्ठा की मनाई 10वीं वर्षगांठ
- भक्ति और उल्लास में डूबा निवास
- माता सिंहवाहिनी के दरबार में महाआरती
- प्रतिदिन हो रहा देवी जस
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन अवसर पर निवास और आसपास का क्षेत्र धर्ममय हो गया है। बस स्टैंड पिपरिया निवास में विराजी माता सिंहवाहिनी की प्राण प्रतिष्ठा के दस वर्ष पूर्ण होने पर चौकसे परिवार द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी एक भव्य आयोजन किया गया। पंचमी तिथि पर माता जी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद बड़े साज-बाज के साथ महाआरती का आयोजन हुआ। इस दौरान एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें माता जी की झाँकी बनाकर कन्याओं द्वारा केक कटवाया गया, जो भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। महाआरती संपन्न होने के बाद भक्तों को विशेष महाप्रसाद का वितरण किया गया।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे और माता जी की भक्ति में लीन होकर महाआरती में भाग लिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि पर प्रतिदिन महाआरती का आयोजन माता के दरबार में किया जा रहा है, और रात्रि में मंडलियों द्वारा देवी जस का आयोजन भी किया जा रहा है। माता सिंहवाहिनी की भव्य झाँकी और महाप्रसाद का वितरण पूरे आयोजन के दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।











