नारायणगंज परियोजना में पोषण और सेवा का संगम

नारायणगंज परियोजना में पोषण और सेवा का संगम

  • आंगनवाड़ी में बच्चों के पोषण पर संवाद
  • दुर्गा पंडालों में कन्या पूजन और बनाई आभा आईडी
  • आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वस्थ व कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को दी पोषण, देखभाल की जानकारी

मंडला महावीर न्यूज 29. परियोजना नारायणगंज के अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण माह की गतिविधियों के तहत अभिभावकों को अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक और जिम्मेदार बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम के महिला-पुरुषों और आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के अभिभावकों को बच्चों के पोषण स्तर और उनकी सही देखभाल व साफ-सफाई के महत्व के बारे में शिक्षित करना था। गतिविधि के दौरान स्वस्थ और पोषित बच्चों की माताओं के साथ उन बच्चों के अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जो सेम और मैम की श्रेणी में आते हैं। उन्हें बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने, संतुलित आहार के महत्व, स्वच्छता बनाए रखने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

पोषण जागरूकता अभियान के साथ ही इस दिन को और भी विशेष बनाने के लिए दुर्गा जी के पंडालों में कन्याओं को प्रसादी वितरण किया गया। यह धार्मिक और सामाजिक पहल पोषण माह के संदेश को एक सामुदायिक उत्सव के रूप में प्रसारित करने का एक हिस्सा थी। इसके साथ ही इस अवसर पर हितग्राहियों की अपार और आभा आईडी बनाने का कार्य भी किया गया।

ब्लाक परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे ने बताया कि आभा आईडी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वास्थ्य रिकॉर्ड के प्रबंधन और टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने में सहायक होगी। यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटाइज करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की सरकारी पहल का हिस्सा है। नारायणगंज परियोजना में आयोजित पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक जुड़ाव का यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।



 

Leave a Comment