छात्रावास में छात्राओं को बताए महिला अपराधों से बचाव
- टिकरिया पुलिस ने मैं हूँ अभिमन्यु अभियान के तहत छात्राओं को दी सुरक्षा की जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मैं हूँ अभिमन्यु अभियान के अंतर्गत सीनियर उत्कृष्ट आदिवासी कन्या छात्रावास टिकरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षिका सरोज उईके की उपस्थिति में टिकरिया थाना पुलिस द्वारा छात्रावास की छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला अपराधों के विभिन्न प्रकारों, जैसे छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध आदि के बारे में जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि ऐसे किसी भी स्थिति में वे कैसे अपनी सुरक्षा कर सकती हैं और तत्काल पुलिस या अन्य सहायता एजेंसियों से कैसे संपर्क साध सकती हैं। छात्राओं को भारतीय कानून में महिलाओं को प्राप्त अधिकारों और उनकी सुरक्षा से संबंधित विभिन्न धाराओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस पर केंद्रित रहा। पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के कुछ बुनियादी और प्रभावी तरीके सिखाए, जिनका उपयोग वे आपातकालीन स्थिति में अपनी सुरक्षा के लिए कर सकती हैं। इन तकनीकों का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें किसी भी खतरे का सामना करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करना था।
मैं हूँ अभिमन्यु अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और विशेषकर युवा लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज में सुरक्षित महसूस कराना है। टिकरिया पुलिस की इस पहल से छात्रावास की छात्राएं न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हुईं, बल्कि उन्होंने यह भी सीखा कि वे विषम परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा कैसे कर सकती हैं।









