भविष्य की करियर संभावनाओं को समझने छात्रों ने ली स्वास्थ्य की जानकारी

भविष्य की करियर संभावनाओं को समझने छात्रों ने ली स्वास्थ्य की जानकारी

  • सांदीपनी विद्यालय के हेल्थकेयर छात्रों ने किया सीएचसी नारायणगंज का भ्रमण

मंडला महावीर न्यूज 29. सांदीपनी विद्यालय नारायणगंज टिकरिया में हेल्थकेयर ट्रेड की पढ़ाई कर रहे छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। यह भ्रमण छात्रों को उनके पाठ्यक्रम से संबंधित वास्तविक कार्य वातावरण और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कराया गया। इस शैक्षणिक और व्यावहारिक भ्रमण के दौरान सीएचसी बीईई विजय मरावी, वोकेशनल ट्रेनर रुचि प्रदा संत और एसटीएस देवेन्द्र साहू छात्रों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने पूरे कार्यक्रम के समन्वय में सहयोग किया। भ्रमण में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के हेल्थकेयर के छात्र शामिल रहे।

सीएचसी नारायणगंज में छात्रों को स्वास्थ्य केंद्र द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी बीईई विजय मरावी द्वारा दी गई। इस सत्र का नेतृत्व बीईई विजय मरावी ने किया। उन्होंने छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महत्व, इसके कार्यों और आम जनता को मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों से अवगत कराया। भ्रमण के दौरान छात्रों को सीएचसी के सभी विभागों में ले जाया गया। बीईई विजय मरावी ने विशेष रूप से यह जानकारी दी कि किस विभाग का क्या कार्य है और वे कैसे सामूहिक रूप से स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुचारू रूप से चलाने में योगदान करते हैं। उन्होंने छात्रों को आउटपेशेंट विभाग, इमरजेंसी, प्रसूति वार्ड, टीकाकरण केंद्र और लैब सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण खंडों के कार्यों को विस्तार से समझाया।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था कि सैद्धांतिक रूप से पढ़ी गई अवधारणाएं जमीनी स्तर पर कैसे लागू होती हैं। छात्रों ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकियों को समझा बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों के दायित्वों और चुनौतियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। वोकेशनल ट्रेनर रुचि प्रदा संत ने कहा कि यह औद्योगिक भ्रमण सांदीपनी विद्यालय के हेल्थकेयर छात्रों के व्यावसायिक विकास में काम आएगा।



 

Leave a Comment