शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने नारायणगंज ब्लॉक में शुरू हुई नई पहल

शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने नारायणगंज ब्लॉक में शुरू हुई नई पहल

  • नारायणगंज ब्लाक के सभी विद्यालयों का बनेगा रिपोर्ट कार्ड
  • गुणवत्ता सुधारने बीईओ, बीआरसी ने संकुल स्तरीय बैठक में दिए निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड में अब सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का रिपोर्ट कार्ड बनाया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर और बीआरसी कमलेश भवेदी की उपस्थिति में संकुल केंद्र बबलिया में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की भौतिक अधोसंरचना, पठन-पाठन की गुणवत्ता और विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए 10 बिंदुओं पर आधारित रिपोर्ट कार्ड तैयार करने का फैसला लिया गया। बैठक में 10 बिंदुओं में भवन में रंग-रोगन, साज-सज्जा, परिसर की स्वच्छता, विद्यार्थियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, टीएलएम का उपयोग, विद्यार्थियों का एकेडमिक स्तर और जनभागीदारी शामिल हैं। इन मापदंडों के आधार पर विद्यालयों की ग्रेडिंग की जाएगी। इस कार्य में जनशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

बताया गया कि प्रत्येक जनशिक्षक को तीन माह के लिए विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। विद्यालयों की ग्रेडिंग की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए संकुल प्राचार्य, बीएसी, बीआरसी और बीईओ द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि ग्रेडिंग के बाद विद्यालयों को 15 दिनों के भीतर अपनी ग्रेड में सुधार करना होगा। प्रतिमाह ग्रेडिंग सुधार की समीक्षा होगी, और तीन महीने बाद जनशिक्षकों को आवंटित शालाएं आपस में बदल दी जाएंगी।

बताया गया कि विगत दिवस नारायणगंज में हुई समीक्षा बैठक में सांसद और विधायक ने प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के भवन रखरखाव और पठन-पाठन पर चिंता व्यक्त की थी। इसके साथ ही बैठक में संकुल स्तरीय और विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन का भी निर्णय लिया गया। विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि वे अपने विद्यालयों में पर्याप्त खेल सामग्री खरीदें और नियमित रूप से खेल गतिविधियां संचालित करें। सभी को प्राप्त बजट का समय पर और सही उपयोग करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही किसी कर्मचारी को एक ही समस्या के लिए बार-बार परेशान न होना पड़े, इसके लिए बीईओ और संकुल केंद्र के आगमन रजिस्टर का अवलोकन किया जाएगा। बताया गया कि गांधी जयंती के दिन दशहरा होने के कारण अक्टूबर के पहले सप्ताह में संकुल केंद्र बबलिया में एक संकुल स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अन्य संकुलों में भी शीघ्र ही इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी।


 

Leave a Comment