विद्यार्थियों ने जाना तकनीकी शिक्षा और रोजगार का महत्व
- शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, बबलिया के छात्रों ने किया आईटीआई का भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बबलिया के कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए आईटीआई मंडला और निवास में एक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के महत्व से परिचित कराना और उन्हें यह दिखाना था कि उनकी पढ़ाई का व्यावहारिक उपयोग उद्योगों में कैसे होता है।
भ्रमण के दौरान आईटीआई के प्राचार्य वर्कडे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न ट्रेडों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त माध्यम है।
विद्यार्थियों ने आईटीआई में विभिन्न ट्रेड, आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। उन्हें प्लंबिंग, आईटी, आईटीईएस, इलेक्ट्रिकल, फिटिंग जैसे पाठ्यक्रमों के व्यावहारिक ज्ञान और उनके औद्योगिक अनुप्रयोगों के बारे में जानकारी दी गई। इस अनुभव ने छात्रों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और जिज्ञासा बढ़ाई।
औद्योगिक भ्रमण स्कूल के प्राचार्य डीके सिंगौर और वरिष्ठ शिक्षक पीआर गौठरिया के मार्गदर्शन में शिक्षक डीके मरावी के नेतृत्व में व अन्य शिक्षकों और प्रशिक्षकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। आईटीआई के प्राचार्यों और प्रशिक्षकों ने इस पहल में पूर्ण सहयोग दिया।










