वीरांगना क्षत्राणी गरबा में पहली बार तलवारों के साथ गरबा प्रशिक्षण

वीरांगना क्षत्राणी गरबा में पहली बार तलवारों के साथ गरबा प्रशिक्षण

  • नारी शक्ति का प्रतीक, मंडला में आयोजित हो रहा है वीरांगना क्षत्राणी गरबा

मंडला महावीर न्यूज 29. नारी शक्ति और शौर्य का प्रतीक वीरांगना क्षत्राणी गरबा का आयोजन मंडला में पहली बार होने जा रहा है। इस अनोखे आयोजन में महिलाएं पारंपरिक गरबा को तलवारों और शस्त्रों के साथ करना सीखेंगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न सिर्फ गरबा कला को एक नया आयाम देगा, बल्कि महिलाओं को आत्मरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति भी प्रेरित करेगा। गरबा प्रशिक्षण 24 से 30 सितंबर तक दिया जाएगा। इसके बाद 01 अक्टूबर को एक भव्य शस्त्र पूजन एवं प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण दो सत्रों में होगा, जिसमें पहला सत्र सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 5 बजे से 8 बजे तक।

काशी विश्वनाथ वैदिक गुरूकुल जिलहरी घाट के आचार्य भीमदेव आर्य ने बताया कि यह प्रशिक्षण मंडला के जेल ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रदर्शन युवा परिवार परिसर जेल ग्राउंड के समीप होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण शुल्क 300 रखा गया है।

इस कार्यक्रम के प्रशिक्षक दिल्ली से आए आचार्य अभिलाषा और आचार्य सत्यम हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में युवम परिवार एवं समस्त मातृशक्ति मंडला का विशेष योगदान है। इस अनोखे आयोजन से उम्मीद है कि यह महिलाओं में साहस और आत्मविश्वास की भावना को और भी प्रबल करेगा।


 

Leave a Comment