असम से शुरू हुआ विशाल नगर कीर्तन मंडला पहुंचा, श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ किया स्वागत
- गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस पर मंडला में हुआ भव्य नगर कीर्तन का स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. धर्म और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले गुरु श्री तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित हो रहे विशाल नगर कीर्तन का मंडला में भव्य स्वागत किया गया। यह नगर कीर्तन 21 अगस्त को पूर्वोत्तर राज्य असम के गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर धुबड़ी साहिब से शुरू हुआ था और विभिन्न राज्यों से होते हुए मंडला पहुंचा, जहां गुरु साहिब के दर्शन का मंडलावासियों को सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ।
बताया गया कि नगर कीर्तन कटरा बायपास से होकर बिंझिया, लालीपुर, बैगा बैगी चौक और नेहरू स्मारक से होते हुए महाराजपुर स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। मंडला में नगर कीर्तन के आगमन से पहले इसके स्वागत के लिए प्रमुख मार्गों को विशेष रूप से सजाया गया था। शहर में पहुंचते ही धर्म प्रेमियों और श्रद्धालुओं ने वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह के जयकारे लगाए और जगह-जगह जोरदार स्वागत किया।
महाराजपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में शाम के समय श्री दरबार साहिब, अमृतसर के रागी जत्थे और प्रचारकों द्वारा कीर्तन और गुरमत विचारों का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और गुरु भक्त शामिल हुए। इसके बाद, आम लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। अगले दिन सुबह गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप और गुरु साहिब के पवित्र दर्शनों का लाभ संगत को मिला। इसके बाद नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब महाराजपुर से फॉरेस्ट नाका महाराजपुर तक निकाला गया।
नगर कीर्तन का अंतिम पड़ाव पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब में स्थित गुरुद्वारा श्री केशगढ़ साहिब में होगा, जहां इसका भव्य समापन किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत के दौरान भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने श्रद्धापूर्वक माथा टेका और गुरु की सवारी पर फूलों की वर्षा की। कई स्थानों पर आतिशबाजी और स्वल्पाहार का भी आयोजन किया गया।










