जिला अस्पताल मंडला ने रचा नया इतिहास
- पहली बार हुई टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी
- जटिल सर्जरी ने दी नई उम्मीद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला अस्पताल मंडला में चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। मंगलवार को यहां पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस सर्जरी के बाद मरीज रमेश (बदला हुआ नाम) को 33 साल की उम्र में असहनीय दर्द और चलने-फिरने में कठिनाई से राहत मिली है। बताया गया कि मरीज रमेश को दोनों कुल्हों में गंभीर दर्द था, और जांच में पाया गया कि उनके कुल्हों के जोड़ पूरी तरह से खराब हो चुके थे। इस स्थिति को चिकित्सकीय भाषा में एवस्कुलर नेक्रोसिस ऑफ फीमोरल हेड कहते हैं। जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमेंद्र चौहान और डॉ. अविनाश खरे ने तुरंत मरीज के दाहिने कुल्हे का टोटल हिप रिप्लेसमेंट किया, जो पूरी तरह सफल रहा। डॉ. हेमेंद्र चौहान ने बताया कि यह सर्जरी उन मरीजों के लिए एक नई उम्मीद है, जो हड्डियों की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। अब रमेश सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे।
टीम ने मिलकर किया सफल ऑपरेशन
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती और सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। ऑपरेशन थिएटर टीम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमेंद्र चौहान और डॉ. अविनाश खरे के साथ डॉ. अंशुल शर्मा और डॉ. दिव्येश पटेल शामिल थे। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. प्रवीण उइके और डॉ. सोनम चौरसिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नर्सिंग स्टाफ की टीम में ओटी इंचार्ज शहनाज खान, विनीता टांडिया, स्वाति श्रीवास, ब्रजेन्द्र बैरागी (नर्सिंग ऑफिसर) और अंकिता शामिल थीं। इसके साथ ही सपोर्ट स्टाफ में बलराम मरावी, पुष्पेंद्र यादव, मुकेश जंघेला, विमला बाई और गीता बाई ने भी अपना योगदान दिया।
मरीज के परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी सर्जरी मंडला में संभव होगी, और वे इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कामयाबी के लिए अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी है।









