बदलते मौसम ने बढ़ाई मुसीबत, जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़
- मंडला में मौसमी बीमारियों का प्रकोप, विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई दे रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो गई है, जिससे अस्पताल का माहौल किसी मेले जैसा हो गया है। मौसमी बीमारियां खासकर सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से पीडि़त बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. मनोज मुराली ने बढ़ती हुई मरीजों की संख्या को देखते हुए आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
डॉ. मनोज मुराली ने आमजनों से सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहां कि बारिश के पानी में भीगने से बचें। अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर न निकलें। खान-पान का विशेष ध्यान रखें। बाजार की तली-भुनी चीजों से परहेज करें और ताजे फल व हल्के भोजन को प्राथमिकता दें। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का उपयोग करें, जिससे संक्रमण से बचा जा सके।
डॉ. मनोज मुराली ने बताया कि जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मौसमी बीमारियों के शुरुआती लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं। समय पर इलाज कराने से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है और स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है।









