स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की सफलता के लिए सौंपी जिम्मेदारी
- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में होगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29. महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंडला जिले में आज 17 सितंबर से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। इस शिविर के लिए सीएचसी नारायणगंज में कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। शिविर के सफल क्रियान्वयन के लिए सीएचसी में पदस्थ सभी कर्मचारियों को अपने अपने दायित्व की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
सीएचसी नारायणगंज सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि आज 17 सितंबर को नारायणगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। जिसकी सभी तैयारियां कर ली गई है। शिविर में निवास विधायक समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही 22 सितंबर को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक सभी आयुष्मान केंद्रों पर भी लगातार जारी रहेगा, जहाँ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में सभी जांचों के साथ मिलेगी सलाह
बताया गया कि शिविर के दौरान की गई सभी प्रकार की जाँचों के परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए जाएंगे। इन शिविरों में बहुत सी जांचे और सेवाएँ उपलब्ध होंगी। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जाँच और टीकाकरण किया जाएगा। शिविर में आने वाले लोगों को नि:शुल्क पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड और वयवंदना कार्ड बनाए जाएंगे।









