नि:शुल्क नेत्र शिविर-मोतियाबिंद सर्जरी के लिए 11 मरीज चिन्हित

नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर-मोतियाबिंद सर्जरी के लिए 11 मरीज चिन्हित

  • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में सप्ताह में दो दिन आयोजित होगा नि:शुल्क नेत्र शिविर

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में जरूरतमंद मरीजों को समय पर और बिना किसी खर्च के उच्च गुणवत्ता वाला इलाज देने के लिए राष्ट्रीय दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित किया जाता है। जिसके अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।

जानकारी अनुसार राष्ट्रीय दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में 15 मरीजों की आँखों की जांच की गई, जिसमें से 11 मरीजों को मोतियाबिंद की समस्या के लिए चिन्हित किया गया। शिविर में नेत्र परीक्षण का कार्य नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने कुशलतापूर्वक किया। सभी 11 चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों को जांच, परीक्षण के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से मंडला जिला अस्पताल भेजा गया। जहां जिला अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहिरवाल इन सभी मरीजों की मोतियाबिंद की सफल सर्जरी करेंगे।

सप्ताह में दो दिन आयोजित होगा शिविर 

बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में नेत्र रोगों को कम करने और दृष्टिहीनता की रोकथाम के लिए अब यह नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन हर सप्ताह सोमवार और मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों तक पहुंचना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का लाभ उठाएं और अपनी आंखों की जांच कराकर संभावित समस्याओं का समय रहते पता लगाएं। शिविर में सर्जरी के लिए चिन्हित किए गए 11 मरीजों को ऑपरेशन के बाद नि:शुल्क दवाइयां और चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनका इलाज पूरी तरह से नि:शुल्क हो सकेगा।



 

Leave a Comment