यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मंडला पुलिस का शिकंजा
- अब तक 526 वाहनों पर कार्रवाई, 2.78 लाख का जुर्माना
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मंडला पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को कम करने के लिए 15 दिवसीय अभियान शुरू किया है। यह अभियान 8 से 22 सितंबर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान में जिले के सभी थानों द्वारा विशेष कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा लोगों और वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रही है।
इस अभियान के तहत पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने वालों, बिना लाइसेंस और परमिट के वाहन चलाने वालों, नाबालिग चालकों, बिना फिटनेस वाले वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरलोडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई की है। अभियान के दौरान अब तक कुल 526 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर 2,78,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर 2 ट्रक, ट्रेलर, 1 कार और 1 मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश किया गया है।










