महाप्रबंधक करेंगे मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

अमृत भारत स्टेशन योजना-यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

  • महाप्रबंधक करेंगे मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

मंडला महावीर न्यूज 29. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश आज सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेना है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सके। निरीक्षण के दौरान नैनपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र का भी जायजा लिया जाएगा। 

बताया गया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया स्टेशन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान करें और रेल यात्रा को अधिक आरामदायक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जा सके। इसके साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के 15 चयनित स्टेशनों पर जारी विकास कार्यों में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें उपरोक्त तीनों स्टेशन शामिल हैं।

 

इस योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसरों को आधुनिक स्वरूप, यात्री सुविधाओं के लिए विशेष टिकट काउंटर, सुविधायुक्त आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन के लिए समर्पित व्यवस्था, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, स्थानीय कला और संस्कृति को दर्शाते हुए डिजाइन व स्वरूप का उन्नयन, चौड़ा फुट-ओवर ब्रिज, पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा बेहतर यातायात नियंत्रण प्रणाली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही स्टेशन परिसरों को हरियाली और सौंदर्यीकरण द्वारा मनमोहक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे ये स्थानीय संस्कृति और समृद्ध विरासत के आकर्षक केंद्र बनेंगे। इन विकास कार्यों से यात्रियों की सुविधा बढऩे के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यावसायिक अवसरों की भी संभावनाएँ बढ़ेंगी।

बताया गया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए भारतीय रेल निरंतर ही बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयत्नशील रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्री सुविधा एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है जिसका एक महत्वपूर्ण प्रतीक स्टेशनों के पुनर्विकास के कार्य हैं। इन सभी प्रयासों को पूरा करने के साथ रेलवे की सेवाएं सभी यात्रियों विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं कम गतिशीलता वाले यात्रियों के लिए सुलभ एवं सुरक्षित सकेगी।



 

Leave a Comment