डायरिया से हड़कंप, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत
- जांच, परीक्षण में मिले छह संक्रमित, एक मंडला और दो घुघरी सीएचसी रैफर
- घुघरी के सिमारिया गांव में डायरिया का प्रकोप
- बारिश के सीजन में एक मात्र कुंए के पानी का कर रहे उपयोग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के घुघरी विकासखंड की ग्राम पंचायत लाफन का सिमरिया गाँव डायरिया के प्रकोप से जूझ रहा है। इस गंभीर बीमारी ने गाँव में हड़कंप मचा दिया है। डायरिया के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है। वहीं एक बच्चे की मौत अन्य कारणों से हुई है। बताया गया कि ग्राम सिमरिया में जागरूकता की कमी के कारण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ग्रामीण नहीं ले पा रहे है। इसके साथ ही रैनी सीजन के कारण पेयजल भी दूषित हो रहा है। जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। जिसके कारण ग्रामीण बीमारी के चपेट में आकर अपनी जान गवां दिए है।

जानकारी अनुसार डायरिया के कारण उल्टी और दस्त की शिकायत गांव के कई अन्य लोगों में भी देखी जा रही हैं, जिससे बीमारी के फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्वच्छ पेयजल की कमी एक बड़ी समस्या है, जिसके कारण लाफन के ग्राम सिमरिया के तीन लोगों की मौत विगत तीन दिन में हो गई है। बताया गया कि डायरिया की चपेट में आने से ग्राम के मुन्ना केराम 50 वर्ष, नरबदिया केराम 72 वर्ष और देवसिंह केराम 45 वर्ष की मौत हो गई है, तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। इनकी मौत से पूरे गाँव में शोक का माहौल है।
बताया गया कि ग्राम सिमरिया के एक अन्य परिवार का करीब डेढ़ साल बच्चा आदित्य पिता अमरसिंह केराम की भी मौत हुई है, लेकिन इसकी मौत डायरिया के कारण नहीं हुई। जिसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की है। वहीं मृतकों में मुन्ना केराम, नरवदिया केराम, देवीसिंह केराम और 18 माह का आदित्य पिता अमरसिंह केराम शामिल हैं। सबसे पहले तीन दिन पूर्व आदित्य की मौत हुई। शनिवार को मुन्ना और नरवदिया केराम की मौत हुई। वहीं रविवार सुबह देवीसिंह केराम की मौत हुई हो गई।
जांच परीक्षण में मिल छह: संक्रमित
ग्राम सिमरिया में चार लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री और वरिष्ठ नेता नीरज मरकाम ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने जिला प्रशासन को इस गंभीर स्थिति से अवगत कराया और उनसे तत्काल स्वास्थ्य टीम गांव आने के लिए कहां, जिससे डायरिया से पीडि़त लोगों को तत्काल उचित चिकित्सा सहायता मिल सके और इस बीमारी से बच सके। स्थानीय और जिला प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को तत्काल सिमरिया गांव के लिए रवाना किया। स्वास्थ्य टीम के साथ टीकाकरण अधिकारी वायके झारिया मौके पर पहुंचे। जहां ग्राम के लोगों का जांच परीक्षण शुरू किया गया। जहां स्वास्थ्य टीम को जांच परीक्षण में देर शाम तक छह: लोग डायरिया से संक्रमित मिले। जिसमें से एक व्यक्ति को मंडला और दो व्यक्तियों को घुघरी सीएचसी रैफर किया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
गत वर्ष आमाटोला हुई थी मौतें
गत वर्ष भी रैनी सीजन में घुघरी के ग्राम पंचायत देवहारा के गांव आमाटोला में डायरिया से पीडि़त दो बैगा महिलाओ समेत चार ग्रामीणो की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक ग्रामीण उल्टी दस्त से पीडि़त रहे थे। मृतिका बुआ और भतीजी रही। यहां भी शुद्व पेयजल के लिए कोई इंतजाम नहीं है। पिछले तीन साल से जल जीवन मिशन से देवहारा पंचायत में काम शुरू किया गया है लेकिन वह पूरा नहीं किया गया। डायरिया प्रभावित गांव आमाटोला में करीब आधा दर्जन हैंडपंप थे लेकिन पानी एक में भी नहीं निकलता रहा है।
एक कुंआ पर निर्भर गांव
बताया गया है कि घुघरी ब्लाक ग्राम पंचायत लाफन के सिमरिया गांव में पेयजल की समस्या है। यहां के ग्रामीण पेयजल के लिए एक कुंआ पर निर्भर है, जो बारिश के सीजन में लबालब है। पंचायत के पोषक गांव सिमारिया में शुद्व पेयजल के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है। यहां पंचायत के द्वारा हैंडपंप खनन के लिए कई बार विभागीय अधिकारियो को आवेदन दिया गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया है। यहां के ग्रामीण कुंआ के पानी का सेवन करते रहे है। पिछले चार माह से बारिश हो रही है। इससे कुआ में आसपास का पानी भी जमा हो रहा है। इसी पानी के सेवन और बदलते मौसम के चलते ग्रामीणो में उल्टी दस्त की शिकायत शुरू हो गई है। सिमारिया के एक ही परिवार के तीन ग्रामीणो की मौत डायरिया के कारण हो गई। सरपंच पति शिव केराम का कहना है कि गाँव में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है। यहां कुंआ का पानी ही ग्रामीण सेवन कर रहे है। नल जल योजना का कही कोई पता नहीं है।
इनका कहना है
जांच के लिए ब्लड, पानी के सेम्पल जबलपुर भेजे गए है, रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारण की पुष्टि होगी। स्वास्थ्य अमला ग्राम में तैनात कर दिया गया है, जहां जांच, परीक्षण किया जा रहा है।
वायके झारिया, टीकाकरण अधिकारी, मंडला
पीएचई दल पहुंचा घुघरी के सिमरिया गांव, किया क्लोरिनेशन
- पेयजल स्त्रोतों में जर्मेक्स एवं ब्लीचिंग पाउडर डालकर किया पानी का उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं सीईओ श्रेयांश कुमट के निर्देशानुसार एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज भास्कर के मार्गदर्शन में ब्लॉक घुघरी के ग्राम पंचायत के पोषक ग्राम सिमरिया में पीएचई विभाग द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सभी 14 पेयजल स्त्रोत जिसमें 07 हैंडपंप एवं 07 कुआं में जर्मेक्स एवं ब्लीचिंग पाउडर डालकर क्लोरिनेशन का कार्य किया गया। क्लोरिनेशन कार्य के साथ ग्रामीणों को पानी को छानकर उबालकर पीने के लिए समझाइश दी गई।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️












