एनीमिया से लेकर कैंसर तक की होगी स्क्रीनिंग

एनीमिया से लेकर कैंसर तक की होगी स्क्रीनिंग

  • स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से शुरू
  • जिला और विकासखंड स्तर पर लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

मंडला महावीर न्यूज 29. महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंडला जिले में 17 सितंबर से एक विशेष अभियान स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि 17 सितंबर को जिला स्तर पर स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 2 अक्टूबर तक आयुष्मान केंद्रों पर भी लगातार जारी रहेगा, जहाँ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर भी अभियान के दौरान कम से कम एक बार बड़े स्तर पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

शिविर में मिलेगी ये सुविधाएं 

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों का मुख्य फोकस मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना और किशोरियों में एनीमिया व पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना है। अभियान में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी मिले और उन्हें सही उपचार प्रदान किया जाए।

शिविर में सभी जांचों के सााि मिलेगी सलाह 

बताया गया कि शिविर के दौरान की गई सभी प्रकार की जाँचों के परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए जाएंगे। इन शिविरों में बहुत सी जांचे और सेवाएँ उपलब्ध होंगी। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जाँच और टीकाकरण किया जाएगा। शिविर में आने वाले लोगों को नि:शुल्क पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड और वयवंदना कार्ड बनाए जाएंगे।


 

Leave a Comment