ऑपरेशन मुस्कान-27 बालिकाओं को ढूंढकर परिजनों को सौंपा

ऑपरेशन मुस्कान-मंडला पुलिस ने 3 साल पहले गुम हुई बालिका को हरियाणा से किया सकुशल दस्तयाब

  • विभिन्न राज्यों से 27 बालिकाओं को ढूंढकर परिजनों को सौंपा
  • पुलिस मुख्यालय के मुस्कान अभियान को मिली सफलता

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा और अपहृत बालक-बालिकाओं को ढूंढने के लिए चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय मुस्कान अभियान के तहत मंडला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंडला पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से 27 बालिकाओं को दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपने में कामयाबी हासिल की है। इस अभियान में चौकी मनेरी, थाना बीजाडांडी को सफलता मिली, जिसने तीन साल पहले लापता हुई एक बालिका को हरियाणा से सकुशल ढूंढ निकाला और उसे उसके परिवार से मिलाया।

जानकारी अनुसार मंडला जिले में मुस्कान अभियान की मॉनिटरिंग डीएसपी महिला सुरक्षा शाखा सतीश कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम द्वारा की जा रही थी। विगत 18 अगस्त से चलाए गए इस विशेष अभियान के अंतर्गत मंडला पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों में टीमें भेजकर गुमशुदा बालिकाओं की तलाश की। इसी के अंतर्गत विगत तीन वर्ष पहले लपता हुई बालिका को दस्तयाब किया गया है।

बताया गया कि चौकी मनेरी, थाना बीजाडांडी से 3 वर्ष पूर्व लापता हुई बालिका को खोजने के लिए एसडीओपी निवास पीएस वालरे के नेतृत्व में एक टीम लगातार काम कर रही थी। पुलिस अधीक्षक द्वारा बालिका की तलाश के लिए पुरस्कार की घोषणा भी की गई थी। एसडीओपी के नेतृत्व में गठित टीम की कड़ी मेहनत और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम को हरियाणा भेजा गया। वहाँ से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि मुस्कान अभियान के तहत मनेरी चौकी पुलिस ने वर्ष 2023 में गुम हुई एक नाबालिग को गुजरात से भी दस्तयाब किया था।

इनका रहा योगदान 

इस अभियान को सफल बनाने में अनुविभागीय अधिकारी निवास, थाना प्रभारी बीजाडांडी के निर्देशन में उप निरीक्षक शशांक शुक्ला के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद, अभिषेक, आरक्षक मुकेश, आनंद, महिला आरक्षक रीना, प्रियंका और आरक्षक सूर्यचंद बघेले की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


 

Leave a Comment